
सादाबाद 01 मार्च । सहपऊ इलाके में जलेसर मार्ग पर स्थित धर्मशाला चौराहे पर रविवार दोपहर तीन वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि एक बिजली का खंभा टूट गया और मार्ग कुछ समय के लिए बाधित रहा।धर्मशाला चौराहे पर एक दुकान के सामने एक ईको गाड़ी खड़ी थी। उसके ठीक आगे आलू खाली करके आया एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी खड़ा था, जिसका चालक अपनी सेविंग बनवाने पास की दुकान में गया था। इसी दौरान, सादाबाद की ओर से आ रही एक वैगनआर कार ने आगे चल रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अचानक अपनी दिशा बदली। इस प्रक्रिया में, वैगनआर ने पीछे से खड़ी ईको गाड़ी में टक्कर मार दी। वैगनआर की टक्कर से ईको गाड़ी आगे बढ़कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर के प्रभाव से ट्रैक्टर-ट्रॉली स्वतः स्टार्ट होकर आगे बढ़ गया और सड़क किनारे खड़े एक विद्युत पोल से टकराकर उसे तोड़ दिया। धर्मशाला चौराहा एक भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है, और हादसे के समय वहां कई लोग मौजूद थे, जो बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के कारण सादाबाद जलेसर मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को एक तरफ हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोतवाली में किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





































