
हाथरस 01 मार्च । सेवा और संस्कृति के अद्भुत समन्वय के साथ विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस ‘राधा गोविन्द’ द्वारा स्थानीय वृद्धाश्रम में भव्य ‘होली मिलन एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य का उद्देश्य समाज के उपेक्षित और एकाकीपन महसूस कर रहे बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियाँ साझा करना और उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा राधा-कृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। ठाकुर जी के जयकारों से पूरा आश्रम परिसर गुंजायमान हो उठा। जायंट्स ग्रुप के अध्यक्ष मोहित अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्गों की सेवा ही ईश्वर की सच्ची पूजा है। वहीं, मुख्य अतिथि डॉ. आर.पी. गुप्ता ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि अपनों के बीच खुशियाँ बाँटने का अवसर है। बुजुर्गों के बीच आकर साक्षात ईश्वर के आशीर्वाद की अनुभूति हुई है। होली के उल्लास के साथ-साथ वृद्धजनों की सेहत का भी विशेष ध्यान रखा गया। सचिव हर्ष राघव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य रंगों के साथ स्वास्थ्य की मुस्कान बिखेरना है। शिविर में डॉ. नवनीत अग्रवाल, डॉ. सचित अग्रवाल, डॉ. अतुल, डॉ. कुणाल वार्ष्णेय, सुमित कपूर, डॉ. रीशा वार्ष्णेय जैसे अनुभवी चिकित्सकों ने वृद्धजनों का बीपी, शुगर और दंत परीक्षण किया। जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं और मौसमी बीमारियों व आंखों की देखभाल के लिए उचित परामर्श दिए गए।
फूलों की होली और भजनों की गूंज
विहिप और जायंट्स ग्रुप के सदस्यों ने आश्रम के वृद्धजनों के साथ पारंपरिक रूप से फूलों की होली खेली और गुलाल लगाकर उनका आशीर्वाद लिया। संस्था द्वारा सभी बुजुर्गों को उपहार, फल और मिष्ठान वितरित किए गए। अपनों जैसा प्यार पाकर वृद्धों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने भजनों के माध्यम से अपनी खुशी व्यक्त की। मंच का सफल संचालन दुर्गा वाहिनी की जिला सहसंयोजिका प्रियांशी वार्ष्णेय ने किया।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम को सफल बनाने में भानु सक्सेना जिला अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद, गोपाल कृष्ण शर्मा जिला उपाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद, विद्याभूषण गर्ग जिला सेवा प्रमुख, अमरदीप सह मंत्री विश्व हिंदू परिषद, प्रवीण खंडेलवाल जिला मंत्री विश्व हिंदू परिषद, डॉ विकास शर्मा, हर्ष राघव जॉइंट्स क्लब हाथरस सचिव, नीरज शर्मा, मनोज अग्निहोत्री आदि का विशेष योगदान रहा। इस मौके पदम नारायण अग्रवाल, प्रदीप बागला, चेतन यादव, सीमा वार्ष्णेय, मधुर बिंदल, वाई.पी. सिंह, ऋषभ, शिवानी, भावना आदि मौजूद रहे।





































