Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (पुरदिलनगर) 01 मार्च । कस्बा पुरदिलनगर में दंगल परिसर की भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा किए गए अवैध कब्जे और पट्टे को लेकर क्षेत्र के सर्व समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस समस्या का समाधान न होने की स्थिति में सर्व समाज द्वारा आगामी होली पर्व, मेला फूल डोल और दंगल के संपूर्ण बहिष्कार का निर्णय लिया गया था। इसी गंभीर विषय को लेकर रविवार को मेला कमेटी के अध्यक्ष सुरेश चन्द्र आर्य के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेशन) ने हाथरस सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि से मुलाकात की।

सांसद ने दिए पट्टा निरस्त करने के निर्देश

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को विस्तार से अवगत कराया कि किस प्रकार भू-माफियाओं ने दंगल परिसर की सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे स्थानीय लोगों की आस्था और परंपराएं प्रभावित हो रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद अनूप प्रधान ने तत्काल जिलाधिकारी (DM) और उपजिलाधिकारी (SDM) को फोन कर उक्त अवैध पट्टे को निरस्त करने के कड़े निर्देश दिए। सांसद ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

त्योहार मनाने की अपील और आश्वासन

सांसद अनूप प्रधान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कस्बेवासियों से अपील की कि वे होली का रंगों का त्यौहार, मेला और दंगल पूरी खुशी और हर्षोल्लास के साथ मनाएं, उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर होगा। इस मौके पर मुख्य रूप से सुरेश चन्द्र आर्य, हर्षकांत कुशवाह, बंटी आर्य, बॉबी जाखेटिया, सचिन दीक्षित, संजय दुबे, विनीत जाखेटिया, सोनू व्यानी, वरुण राठी, राजवीर कुशवाह, नवीन कुशवाह, ऋषिपाल बघेल, विष्णु शर्मा और राजाबाबू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page