Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 मार्च । आगामी होली पर्व के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश के आबकारी आयुक्त के कड़े निर्देशों और जिलाधिकारी हाथरस के कुशल पर्यवेक्षण में जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को आबकारी विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अलीगढ़ रोड, मंडी समिति, बस स्टैंड और सादाबाद गेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित देशी एवं कंपोजिट मदिरा की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों के स्टॉक का बारीकी से मिलान किया ताकि त्योहार के समय किसी भी प्रकार की अवैध बिक्री या मिलावट की गुंजाइश न रहे। निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानों पर ‘टेस्ट परचेसिंग’ (प्रायोगिक खरीद) की और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के संचालन का परीक्षण किया। अधिकारियों ने अनुज्ञापियों (लाइसेंस धारकों) को सख्त निर्देश दिए कि होली के त्योहार के दौरान दुकानों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और अनावश्यक भीड़ का जमावड़ा न लगने दिया जाए। साथ ही हिदायत दी गई कि निर्धारित समय सीमा और नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। इस प्रवर्तन कार्यवाही का नेतृत्व उप जिलाधिकारी (हाथरस सदर) राजबहादुर सिंह और आबकारी निरीक्षक (हाथरस सदर) क्षितिज कुमार ने किया। अभियान के दौरान आबकारी एवं राजस्व विभाग का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा। प्रशासन की इस सक्रियता से अवैध शराब कारोबारियों और नियम विरुद्ध बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page