Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 मार्च । मथुरा रोड स्थित सरस्वती वीणा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में सरस्वती चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में एक विशाल निशुल्क मेगा स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं नगर के वरिष्ठ चिकित्सक व अस्पताल अधीक्षक डॉ. एमसी गुप्ता ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और ट्रस्ट का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाना है।

शिविर की विस्तृत जानकारी देते हुए पैथोलॉजी विभाग के इंचार्ज डॉ. मुकेश चंद्रा ने बताया कि कैंप में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रूपल एस गुप्ता और नाक, कान व गला विशेषज्ञ डॉ. रोहित महेश गुप्ता द्वारा मरीजों का गहन परीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई मरीजों में कैंसर जैसे प्रारंभिक लक्षण पाए गए, जिन्हें कैंसर विशेषज्ञ डॉ. नीरज राजपूत ने उचित परामर्श देकर उपचार की दिशा तय की। वहीं, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवांगी शर्मा ने आधुनिक मशीनों के माध्यम से मसूड़ों, पायरिया और टेढ़े-मेढ़े दांतों की समस्याओं का उपचार किया। क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. रजत महेश गुप्ता ने साधारण से लेकर गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें चिकित्सीय परामर्श दिया।

इस मौके पर अस्पताल के डायरेक्टर एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ मेजर डॉ. सौरभ महेश गुप्ता ने कहा कि सरस्वती वीणा हॉस्पिटल में वे सभी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनके लिए पहले मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता था। उन्होंने जोर देकर कहा कि अस्पताल द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार के निशुल्क जांच एवं उपचार शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य लाभ मिल सके। शिविर को सफल बनाने में अजय राघव, कृष्णा भाई, गौरव गर्ग, सुनील पंडित, गुलफ़्शा, अजीत राठौर, आरिफ खान, सौरभ सहाय, महिमा वार्ष्णेय, रानी कुशवाह, अरमान खान और मानसी शर्मा का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page