
हाथरस 28 फरवरी । शहर की सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शनिवार प्रातः 9:00 बजे नगर क्षेत्र का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वार्ड संख्या-31 स्थित ओडपुरा तिराहा से मुरसान गेट तक पैदल भ्रमण कर सफाई की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की और रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर न मिलने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया, जहाँ गंदगी और अव्यवस्थित सफाई व्यवस्था देख उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और कूड़े का वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण कराया जाए।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय मार्ग और नगर पालिका कार्यालय का भी भ्रमण किया। कार्यालय परिसर के बाहर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को देख उन्होंने नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण या गलत पार्किंग न हो, जिससे यातायात और सफाई कार्य बाधित हो। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहर के कूड़े को केवल निर्धारित डंपिंग स्थलों पर ही डाला जाए और स्वच्छता के मानकों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जन-जागरूकता अभियान चलाने और सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका एवं संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।















