
हाथरस 28 फरवरी । आज पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में आयोजित एक गरिमामय समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह द्वारा सेवानिवृत्त होने वाले सात पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर उप निरीक्षक सर्वेश कुमार, रामविनोद सिंह, निहाल बाबू, ऋषिराम शर्मा, महेश चन्द्र, मुख्य आरक्षी सियाराम एवं लीडिंग फायरमैन राजकुमार गौतम ने पुलिस विभाग में अपनी लंबी और सराहनीय सेवाओं के बाद अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्ति प्राप्त की। विदाई समारोह के दौरान एएसपी ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को माल्यार्पण कर शॉल, रामायण एवं गीता भेंट स्वरूप प्रदान की। इस मौके पर एएसपी ने पुलिसकर्मियों द्वारा विभाग को दिए गए अमूल्य समय की प्रशंसा करते हुए कहा कि कठिन ड्यूटी के कारण वे अक्सर अपने परिवार से दूर रहे, लेकिन अब वे नए कलेवर में अपने परिवार के साथ सुखद जीवन व्यतीत करें। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को भविष्य में किसी भी समस्या के समाधान के लिए बेझिझक संपर्क करने का आश्वासन दिया और उनके स्वस्थ व प्रसन्न जीवन की कामना की। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।















