
हाथरस 28 फरवरी । हाथरस के सादाबाद थाना क्षेत्र में एक मजदूर पिता ने अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पिता ने बताया कि यह घटना 16 फरवरी को हुई थी। उस दिन वह और उनकी पत्नी आलू की खुदाई के लिए खेत पर मजदूरी करने गए थे। उनकी 17 वर्ष दो माह की बेटी घर पर अकेली थी। पिता का आरोप है कि इसी दौरान नदवई, जिला भरतपुर (राजस्थान) निवासी पंकज पुत्र सोनू उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों में बेटी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने बताया कि आरोपी के दोनों मोबाइल नंबर भी बंद आ रहे हैं। पीड़ित पिता ने पुलिस से अपनी नाबालिग बेटी को सकुशल बरामद करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और नाबालिग की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।















