
हाथरस 28 फरवरी । सरकारी धन की ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। सिकंदराराऊ में एग्री-स्टैक फार्मर रजिस्ट्री के नाम पर सरकारी पैसा हड़पने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसका भतीजा मौके से फरार हो गया। राजस्व विभाग की शिकायत पर धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सिकंदराराऊ के एसडीएम को सूचना मिली थी कि मोहल्ला दमदपुरा के एक मकान में कुछ लोग कृषि विभाग के सर्वेयर की फर्जी लॉगिन आईडी बनाकर फार्मर रजिस्ट्री का काम कर रहे हैं। ये लोग सरकारी कर्मचारियों के भुगतान का पैसा अपने खातों में ट्रांसफर कर रहे थे। सूचना के आधार पर जनपद स्तर से कृषि विभाग की एक टीम गठित कर छापेमारी की गई। जब टीम मौके पर पहुंची, तो दलवीर सिंह पुत्र जयपाल सिंह काम करते हुए मिला। हालांकि, उसका भतीजा नवनीत पुलिस को देखकर भागने में सफल रहा। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक लैपटॉप, कंप्यूटर और भारी मात्रा में सरकारी दस्तावेज बरामद किए। पुलिस के अनुसार, मौके से 55 आधार कार्ड की फोटोकॉपी, 38 बैंक पासबुक, 28 खतौनी, 19 घरोनी, 15 बैनामों की प्रतियां, लेखपाल रजिस्टर, बैंक डिस्चार्ज पत्र, एसडीएम व तहसीलदार कोर्ट के आदेश और आईडी-पासवर्ड लिखी एक डायरी मिली है। इन बरामदगी से स्पष्ट होता है कि आरोपी फर्जी आईडी बनाकर सरकारी भुगतान अपने खातों में ले रहे थे।
राजस्व निरीक्षक यासीन खान की तहरीर पर चाचा-भतीजे दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और फरार नवनीत की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले की विस्तृत जांच में सरकारी धन के बड़े गबन का खुलासा होने की संभावना है।















