Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 27 फरवरी । क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनमें एक बोर्ड परीक्षा देकर लौट रहा छात्र और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया है। पहली घटना में, सहपऊ के ग्राम महरारा स्थित केएस इंटर कॉलेज से 12वीं की भौतिक विज्ञान की परीक्षा देकर लौट रहा छात्र गौरव पुत्र सत्य प्रकाश घायल हो गया। गौरव एटा जनपद के जलेसर थाना क्षेत्र के ग्राम बेरनी का निवासी है। गांव सेदरिया के पास गौरव की बाइक खेतों की सुरक्षा के लिए लगे तारों में फंस गई। बाइक को तारों से निकालने की कोशिश में उसने एक्सीलरेटर बढ़ा दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर से गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्तों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में उसे आगरा रेफर कर दिया गया। दूसरी दुर्घटना सादाबाद-जलेसर रोड पर धर्मशाला चौराहे के पास हुई। नगला बघेल निवासी रूपेंद्र सिंह अपनी बाइक पर जा रहे थे, तभी एक बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में रूपेंद्र सिंह बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों की मदद से एंबुलेंस द्वारा रूपेंद्र सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहपऊ पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भी आगरा रेफर कर दिया गया है। बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि अभी तक किसी ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page