
हाथरस 27 फरवरी । चंदपा क्षेत्र स्थित एक कॉलेज में हुए मामले में पुलिस दो नामजद सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। यह घटना मंगलवार को उप प्रधानाचार्य और एक युवती के बीच हुई थी। हाथरस की रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि वह करीब दो साल से किताबें बेचने का काम करती है। उसने कॉलेज मालिक अनुराग शर्मा को नर्सरी से कक्षा आठ तक की लगभग चार लाख रुपये की किताबें उधार दी थीं। अनुराग शर्मा ने अगस्त 2025 तक भुगतान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक केवल 21,900 रुपये का ही भुगतान किया गया है। युवती का आरोप है कि बार-बार पैसे मांगने पर भी भुगतान नहीं किया गया। 24 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे वह कॉलेज पर अपना हिसाब करने के लिए पहुंची। आरोप है कि अनुराग शर्मा ने पैसे देने से इनकार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और जिस कुर्सी पर युवती बैठी थी, उसे लात मार दी। विरोध करने पर अनुराग ने चार अन्य अध्यापकों को बुला लिया। युवती के अनुसार, ये सभी लोग उसे एक कमरे में खींच ले गए और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। उसी दौरान उन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और छेड़खानी भी की।
वहीं, दूसरे पक्ष के अनुराग शर्मा ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने मीतई के एक युवक से कुछ किताबें ली थीं। अनुराग के मुताबिक, उन्होंने उस युवक के कहने पर एक सोलर लगाने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये दिए थे और बाकी 18 हजार रुपये सीधे युवती के बैंक खाते में भेज दिए थे। उनका आरोप है कि युवती बेवजह उन्हें परेशान कर रही है और 24 फरवरी को स्कूल आकर बेवजह झगड़ा करने लगी थी। चंदपा कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि युवती की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।















