
हाथरस 27 फरवरी । कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के मथुरा-बरेली रेल मार्ग पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला लेकिन हैरतअंगेज वाकया सामने आया। यहाँ कासगंज जाने की जल्दबाजी में एक युवक मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार कर रहा था, तभी अचानक ट्रेन चल पड़ी। पूरी मालगाड़ी युवक के ऊपर से गुजर गई, लेकिन युवक खरोंच तक न आने के कारण ‘जाको राखे साइयां मार सके न कोई’ की कहावत को चरितार्थ कर गया।
‘लेट जा… लेट जा!’ चिल्लाने लगे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पैसेंजर ट्रेन से उतरकर दूसरी लाइन पर जाने के लिए खड़ी मालगाड़ी के नीचे से निकलने का प्रयास कर रहा था। उसी समय ट्रेन को सिग्नल मिल गया और वह चलने लगी। युवक को पहियों के बीच फंसा देख प्लेटफॉर्म और पास खड़ी दूसरी ट्रेन के यात्रियों में हड़कंप मच गया। लोग जोर-जोर से चिल्लाने लगे “लेट जा… लेट जा!” युवक ने भी आपा नहीं खोया और सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पटरी के बीच पेट के बल लेट गया।
बैग के साथ पटरी पर चिपका रहा युवक
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सफेद टी-शर्ट पहने युवक अपने बड़े बैग के साथ रेलवे लाइन के बीचों-बीच लेटा हुआ है और ऊपर से मालगाड़ी के डिब्बे धड़धड़ाते हुए गुजर रहे हैं। पूरी ट्रेन गुजरने के बाद युवक खुद उठकर खड़ा हो गया। हालांकि वह बुरी तरह सहमा हुआ था, लेकिन उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। मौके पर मौजूद लोगों ने इसे युवक का दूसरा जन्म बताया।
रेलवे अधिकारियों ने शुरू की जांच
पैसेंजर ट्रेन में बैठे एक यात्री द्वारा बनाया गया यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना का संज्ञान लेते हुए रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी जान जोखिम में डालकर शॉर्टकट का सहारा न लें और हमेशा फुट ओवरब्रिज का ही प्रयोग करें।















