
हाथरस 27 फरवरी । सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षाएं आज जनपद के आठ निर्धारित केंद्रों पर पूरी शुचिता और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। आज कक्षा 10वीं के लिए इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर एप्लीकेशन्स और कक्षा 12वीं के लिए पेंटिंग विषय की परीक्षा आयोजित की गई। सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. जगदीश शर्मा ने बताया कि 10वीं आईटी में 2119 पंजीकृत छात्रों में से 2105, एआई में 436 में से 434 और कंप्यूटर एप्लीकेशन्स में 604 में से 592 विद्यार्थी शामिल हुए, जबकि 12वीं पेंटिंग में 235 में से 234 छात्रों ने परीक्षा दी। परीक्षाओं का सफल संचालन बीएलएस इंटरनेशनल, संत फ्रांसिस, राजेंद्र लोहिया, दून पब्लिक, द कैम्ब्रिज, आरपीएम, ओएमबी और संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल में किया गया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और अनुशासन के लिए बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार कड़े प्रबंध रहे और केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भारी भीड़ देखी गई।















