Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 फरवरी । अमृत योजना और जल जीवन मिशन के कार्यों में कथित लापरवाही को लेकर स्थानीय अधिवक्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की है। गुरुवार को वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र कुमार अग्रवाल, भाजपा नेता तपन जोहर, चरण सिंह सागर, अधिवक्ता सुरेश चंद्र कुशवाहा, दीपक सिंह और शैलेंद्र नगाइच सहित अन्य लोगों ने अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में अमृत योजना के तहत जल जीवन मिशन के माध्यम से पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। जल निगम द्वारा सड़कों को खोदकर पाइपलाइन तो डाल दी गई, लेकिन गड्डों को समतल नहीं किया गया। पाइपलाइन डाले जाने के काफी समय बाद भी सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से नगर पंचायत सादाबाद के जवाहर बाजार की मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति का उल्लेख किया गया है। कोतवाली तिराहे से आगरा चुंगी तक जाने वाली यह सड़क पूरी तरह गड्डायुक्त हो चुकी है। सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। इसके अतिरिक्त, नगर के कई मोहल्लों की सड़कों की स्थिति भी दयनीय बताई गई है। जगह-जगह गड्ढे होने से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। बरसात या पानी गिरने पर मार्गों पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे आमजन को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अधिवक्ताओं और भाजपा नेता ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि जल निगम को शीघ्र ही सड़कों को समतल करने का निर्देश दिया जाए। साथ ही, नगर पंचायत द्वारा मुख्य मार्गों और मोहल्लों की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page