Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 फरवरी । आलू उत्पादन के लिए प्रसिद्ध सादाबाद क्षेत्र से पहली बार श्रीलंका के लिए आलू का निर्यात शुरू हो गया है। कुरसंडा स्थित एक ट्रेडिंग कंपनी ने दो ट्रकों में चयनित और ग्रेडिंग किए गए आलू मुंबई पोर्ट के लिए रवाना किए हैं। यह खेप मुंबई से कंटेनर के माध्यम से समुद्री मार्ग से श्रीलंका भेजी जाएगी।

यह कदम केंद्र सरकार द्वारा राशन श्रेणी के आलू के निर्यात की अनुमति दिए जाने के बाद उठाया गया है। लंबे समय से गिरते दामों और कमजोर उठान से परेशान किसानों के लिए यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निर्यात के लिए विशेष गुणवत्ता वाले आलू का चयन किया गया। आकार और गुणवत्ता के आधार पर उनकी छंटाई कर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार पैकेजिंग की गई। कंपनी ने किसानों से सीधे आलू खरीदा, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई और किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त हुआ। इस निर्यात के बाद स्थानीय मंडियों में भी हलचल तेज हुई है और व्यापारियों को बड़े ऑर्डर मिलने लगे हैं, जिससे बाजार में सकारात्मक माहौल बना है। ट्रेडिंग कंपनी के डायरेक्टर राकेश चौधरी ने बताया कि सादाबाद के आलू की गुणवत्ता बेहतर है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग की संभावना पहले से थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की निर्यात अनुमति के बाद कंपनी को श्रीलंका से ऑर्डर मिला, जिसके तहत पहली खेप मुंबई पोर्ट के लिए भेजी गई है। कंपनी आने वाले दिनों में निर्यात की मात्रा बढ़ाने की योजना बना रही है। स्थानीय किसान सूरज चौधरी ने बताया कि पिछले कुछ समय से आलू के दाम लगातार गिर रहे थे, जिससे लागत निकालना भी कठिन हो गया था। निर्यात शुरू होने से खरीद में तेजी आई है और कीमतों में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि विदेशों में मांग लगातार बनी रहती है, तो किसानों को काफी मदद मिलेगी और भविष्य में उत्पादन के प्रति उनका भरोसा बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page