सादाबाद 26 फरवरी । आज गौसेवकों ने एसडीएम मनीष चौधरी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मथुरा जनपद के गांव झरौठा निवासी गौ रक्षक मनीष की संदिग्ध मौत और बिसावर क्षेत्र की गौशाला में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर जांच की मांग की गई है। गौ रक्षक मनीष, जो गौसेवा और गौरक्षा से जुड़े थे, की 02 फरवरी 2026 को एक संदिग्ध सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। घटना मथुरा जनपद की सीमा में घटित बताई जा रही है, इससे पूर्व का पूरा विवाद हाथरस जनपद के बिसावर क्षेत्र स्थित गौशाला से जुड़ा है। मनीष द्वारा गौशाला में व्याप्त अनियमितताओं, गौवंश की बदहाल स्थिति और लापरवाही के विषय में आवाज उठाने के बाद उन्हें धमकियां मिली। यह स्थानीय स्तर पर सामने आई। इसी कारण उनकी मृत्यु को लेकर समाज में गंभीर शंकाएं उत्पन्न हो रही हैं।
बिसावर क्षेत्र की गौशाला में गौवंश की स्थिति को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिनमें पर्याप्त चारा, पानी, चिकित्सा सुविधा और देखभाल की कमी जैसी बातें सामने आती रही हैं। गौसेवकों ने इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। बिसावर क्षेत्र की संबंधित गौशाला की भौतिक एवं प्रशासनिक जांच कराने की मांग में ग्राम प्रधान, संबंधित सचिव/वीडीओ और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच शामिल है। गौवंश की स्थिति, भोजन, पानी, चिकित्सा तथा देखभाल की व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण कराने एवं जांच में लापरवाही, भ्रष्टाचार अथवा पशु क्रूरता पाई जाएं। तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की जाए। मनीष की संदिग्ध मृत्यु के प्रकरण की निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु विशेष जांच दल (SIT) का गठन कराने एवं आवश्यकतानुसार CBI जांच की संस्तुति राज्य सरकार को प्रेषित करने की मांग भी की है। पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट राज्य स्तर पर एवं एनिमल वेलफेयर बोर्ड को भी भेजी जाए ताकि स्वतंत्र स्तर पर समीक्षा हो सके। मनीष की मृत्यु से जुड़े पूर्व विवाद एवं धमकी से संबंधित तथ्यों को मथुरा प्रशासन की जांच में शामिल कराने हेतु आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाए जिससे सत्य सामने आ सके और दोषी यदि कोई हो तो कानून के अनुसार दंडित हो। ज्ञापन देने वालों में सोनू ठाकुर, वीरेंद्र सिंह, तेजवीर सिंह, अनुज जादौन सहित काफी संख्या में गौसेवक मौजूद थे।















