Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 फरवरी । उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुँचाना सुनिश्चित करें।

विद्युत आपूर्ति और बोर्ड परीक्षाओं पर जोर

प्रभारी मंत्री ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर छात्रों की पढ़ाई में बाधा न आने देने हेतु शाम 6 बजे से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जर्जर तारों को प्राथमिकता पर बदला जाए और फीडर मरम्मत के कार्यों को समयबद्ध पूरा करें। साथ ही, ओटीएस (एकमुश्त समाधान योजना) का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने को कहा।

जल जीवन मिशन और सड़कों की मरम्मत

जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए मंत्री जी ने अधिशासी अभियंता (जल निगम) को सख्त हिदायत दी कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत मानक के अनुरूप तत्काल कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों का सम्मान और समन्वय

श्रीमती मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनप्रतिनिधियों के फोन अनिवार्य रूप से उठाएं और उनके द्वारा बताई गई समस्याओं का त्वरित संज्ञान लें। बैठक में नहरों की टेल तक पानी पहुँचाने के लिए सिंचाई विभाग की प्रशंसा की गई, वहीं सड़कों के निर्माण में जनप्रतिनिधियों के शिलापट्ट लगवाने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने दी योजनाओं की रिपोर्ट

मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ने बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत पुष्टाहार वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित ‘लखपति दीदी’, ‘ड्रोन दीदी’ व ‘विद्युत सखी’ जैसी योजनाओं की भौतिक प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने दिया आश्वासन

बैठक के अंत में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनहित के कार्यों में लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में रहे मौजूद

इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंद्राराऊ विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page