
सिकंदराराऊ 26 फरवरी । टीबी यूनिट हसायन के अंतर्गत आयुष्मान केंद्र बकायन में आज कैंसर और टीबी स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय रूप से रोगियों की पहचान की। शिविर के दौरान वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक (STS) और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) द्वारा कुल 35 व्यक्तियों की गहन स्क्रीनिंग की गई। जाँच के उपरांत टीबी के लक्षण मिलने पर 4 संभावित रोगियों को बलगम की जाँच हेतु फैलकन ट्यूब उपलब्ध कराई गई, जबकि 2 अन्य संदिग्धों को डिजिटल एक्सरे हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हसायन के लिए रेफर किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जनमानस को जागरूक करते हुए बताया कि दो सप्ताह से अधिक की खाँसी, बलगम में खून आना, शाम को हल्का बुखार, वजन में गिरावट, सीने में दर्द और शरीर के किसी हिस्से में गाँठ होना टीबी के गंभीर लक्षण हो सकते हैं, जिन्हें नजरअंदाज न कर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। शिविर में यह भी जानकारी दी गई कि शासन की योजना के अंतर्गत टीबी के मरीजों को उपचार की पूरी अवधि के दौरान पुष्टाहार हेतु ₹1000 प्रति माह सीधे बैंक खाते में भेजे जाते हैं। यह सुविधा जनपद के हसायन, सिकंदराराव, महो, सासनी, मुरसान, सादाबाद एवं सहपऊ के सभी सरकारी केंद्रों पर पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।















