
हाथरस 25 फरवरी । हाथरस में सादाबाद-मुरसान मार्ग पर बुधवार शाम करीब 7 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, मुरसान क्षेत्र के गांव सैनपुर निवासी मुकेश पुत्र दुर्जन सिंह और पवन पुत्र भगवान सिंह बुधवार को सादाबाद में अपना काम निपटाकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जब वे गांव रसीदपुर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा संभवतः तेज रफ्तार और अचानक सामने आ जाने के कारण हुआ। घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक घायल युवकों की हालत स्थिर बताई जा रही है।













