
हाथरस 25 फरवरी । शहर के चर्चित ‘होटल पर थूक लगाकर रोटी सेंकने’ के मामले में अब दूसरे पक्ष की ओर से जवाबी कार्यवाही तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन निजाम होटल के संचालक शाहबुद्दीन के समर्थन में उतर आए हैं। मंगलवार को सांसद की मौजूदगी में होटल संचालक के बेटे आसिफ का जिला अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण (मेडिकल) कराया गया। संचालक शाहबुद्दीन का आरोप है कि कुछ लोगों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे एक लाख रुपये की चौथ मांगी थी और इनकार करने पर उनके बेटे आसिफ के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है।
सांसद रामजीलाल सुमन के हस्तक्षेप और उनके जिला अस्पताल में कार्यकर्ताओं के साथ डटे रहने के कारण पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई, जिसके बाद आनन-फानन में मेडिकल की प्रक्रिया पूरी की गई। होटल संचालक के बेटे ने अब लिखित शिकायत देकर चौथ मांगने और मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि घटना के दोनों पक्षों की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।













