
हाथरस 25 फरवरी । आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत जिला अस्पताल हाथरस ने मरीजों की सुविधा के लिए एक बड़ी डिजिटल सेवा की शुरुआत की है। अब मरीजों को अपनी पैथोलॉजी जांच रिपोर्ट लेने के लिए अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और न ही लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ेगा। अस्पताल प्रशासन ने सोमवार से शत-प्रतिशत जांच रिपोर्ट सीधे मरीजों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजने की व्यवस्था प्रभावी कर दी है। रिपोर्ट तैयार होते ही मरीज के व्हाट्सएप, आभा (ABHA) ऐप या एसएमएस के माध्यम से उसे तुरंत सूचित किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि अस्पताल आने वाले मरीजों का मोबाइल नंबर अब एबीडीएम पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है। सोमवार और मंगलवार को लिए गए सभी नमूनों की रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से भेजी गई। इस व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह है कि भविष्य में इलाज के लिए मरीजों को पुराना पर्चा साथ लाने की आवश्यकता नहीं होगी; सारा रिकॉर्ड आभा ऐप पर ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। सीएमएस ने बताया कि ऑनलाइन पर्चा बनाने के बाद अब पैथोलॉजी को डिजिटल किया गया है और जल्द ही ओपीडी में टोकन व्यवस्था भी शुरू की जाएगी, जिससे मरीजों का समय बचेगा और उन्हें सुलभता से इलाज मिल सकेगा।













