हाथरस/मथुरा 25 फरवरी । वृन्दावन के बाँके बिहारी मन्दिर में 60 वर्ष से अधिक उम्र के श्रद्धालुओं के लिये श्री बाँके बिहारी लाल के दर्शन हेतु अलग से व्यवस्था करने के मांग की है । इस संबंध में जन सेवार्थ मंच के संयोजक एवँ समाजिक कार्यकर्ता आशीष सेंगर ने एक पत्र जिलाधिकारी मथुरा को मेल द्वारा भेजा है। सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा जिलाधिकारी मथुरा को भेजे पत्र में कहा है कि श्रीधाम वृन्दावन स्थित बाँके बिहारी मन्दिर में प्रतिदिन श्री बाँके बिहारी लाल के दर्शन हेतु हजारों की संख्या में भक्त पहुँचते है। मन्दिर व्यवस्थापक व प्रसाशन ने भगवान श्री बाँके बिहारी लाल के दर्शन के लिये पधारे श्रद्धालुओं हेतु मन्दिर तक आवागमन एव प्रभु के दर्शन हेतु अच्छी व्यवस्थायें की गई है। किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नही होती है। स्थानीय निवासी ब्रजवासी भी श्रद्धालुओं को किसी भी परेशानी में मदद प्रदान करते है।
पत्र में उन्होंने वहां हुई परेशानी का उल्लेख करते हुये कहा है कि मैं 22 फरवरी को श्रीधाम वृन्दावन पहुँचा। श्री बाँके बिहारी लाल के दर्शन हेतु गेट नम्बर 2 से दर्शन को जाने वाली श्रद्धालुओं वाली लाइन में लगा हुआ था। हम सभी भक्तजन भजन व जयकारे लगाते हुये खचाखच भरे श्रद्धालुओं की भीड़ में धीरे धीरे आगे बढ़ रहे थे तभी 10 मिनट के लिये लाइन रूक गई। इसी दौरान समय लगभग दोपहर 12ः 25 पर एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु की अचानक तबियत खराब हो गई। उन्हें सभी के सहयोग से परेशानी पूर्वक बाहर ले जाना पड़ा। 50 मीटर चलें ही थे कि मन्दिर के निकट ही समय लगभग दोपहर 12ः 40 पर फिर एक बुजर्ग महिला श्रद्धालु की तबियत खराब हुई। वहाँ मौजूद सुरक्षा गार्ड एवँ अन्य भक्तों के सहयोग से उन्हें भी बाहर ले जाया गया। उक्त दोनों घटनाओं से मेरा मन दुखी हुआ। उन्होंने कहा है कि बुजुर्ग श्रद्धालुओं की अपने आराध्य भगवान के दर्शन के लिये भावनाएं अधिक होती है परन्तु शारीरिक दुर्बलता उनके लिये कष्टकारी होती है। अतः बुजुर्ग श्रद्धालुओं के भक्तिभाव को ध्यान में रखते हुये उन्हें अधिक सुविधाजनक बनाये जाने आवश्यकता है।
पत्र में समाजिक कार्यकर्ता ने सुझाव भी दिया है उन्होंने कहा है कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के श्रद्धालुओं के लिये श्री बाँके बिहारी लाल के दर्शन हेतु अलग से व्यवस्था की जाये। बुजुर्ग श्रद्धालुओं का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया जाये। फिर गेट नंबर 5 से एक लाइन के माध्यम से श्री बाँके बिहारी लाल के दर्शन बिना परेशानी के संभव हो सकेंगे। इसके अतिरिक्त अन्य अच्छी व्यवस्था भी हो सकती है। हमें पूर्ण विश्वास है आप उचित कार्यवाही करेंगे जिससे भविष्य में बुजुर्ग श्रद्धालुओं को श्री बाँके बिहारी लाल के दर्शन करने में सुगमता प्राप्त हो सके।













