
हाथरस 25 फरवरी । राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैया का यूजीसी बिल और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में चल रहा धरना बुधवार को 19वें दिन भी जारी रहा। कंचन नगर स्थित उनके आवास के बाहर चल रहे इस प्रदर्शन में आज बड़ी संख्या में समर्थकों ने पहुँचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। गौरतलब है कि यह आंदोलन 19 दिन पूर्व तब शुरू हुआ था जब प्रशासन ने पदयात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी थी। आंदोलन के बीच तीन दिन पूर्व पुलिस द्वारा एक कथित ऑडियो के आधार पर पंकज धवरैया और संगठन के एक अन्य पदाधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने से माहौल और गरमा गया है।
पंकज धवरैया ने खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जिस ऑडियो के आधार पर कार्रवाई की गई है, वह पूरी तरह एडिटेड और फर्जी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन दमनकारी नीतियों के जरिए उनके लोकतांत्रिक धरने को समाप्त कराने का प्रयास कर रहा है। समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल उनकी निजी लड़ाई नहीं, बल्कि संपूर्ण सवर्ण समाज के अधिकारों के संरक्षण के लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी कानूनी दबाव या प्रशासनिक सख्ती के आगे नहीं झुकेंगे और अपनी मांगों के समर्थन में संघर्ष जारी रखेंगे।













