
हाथरस 25 फरवरी । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद में स्टूडेंट्स पुलिस एक्सपीरियंशल लर्निंग (SPEL) प्रोग्राम के तृतीय चरण का सफल आयोजन किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित माधव प्रेक्षागृह में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बागला डिग्री कॉलेज और राजकीय विद्यालय कुरसण्डा के छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के प्रति सक्षम और मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाना था।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को खतरे की स्थिति को समय रहते पहचानने, सतर्क रहने, संकट के समय तेज आवाज में सहायता मांगने और सरल शारीरिक तकनीकों के माध्यम से हमलावर से बचने के तरीके सिखाए। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि आत्मरक्षा का अर्थ केवल शारीरिक शक्ति नहीं, बल्कि समझदारी और आत्मविश्वास के साथ परिस्थिति का सामना करना है। इस कार्यक्रम में आत्मविश्वास, अनुशासन और मानसिक संतुलन पर विशेष बल दिया गया। प्रशिक्षण में बच्चों को संवेदनशील अंगों (आंख, नाक, घुटना) पर बचाव की तकनीक और सुरक्षित स्थान तक पहुंचने के गुर भी बताए गए। विद्यालय प्रशासन ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों में सुरक्षा का भाव पैदा करने वाला एक महत्वपूर्ण कदम बताया।















