
हाथरस 25 फरवरी । थाना हाथरस गेट पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए नामजद आरोपी को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। जानकारी के अनुसार, एक महिला ने 24 फरवरी को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 8 जनवरी 2026 को पड़ोस के गाँव टिपरस निवासी पंकज पुत्र नारायण सिंह ने उसे घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म (गलत काम) किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए बुधवार को आरोपी पंकज को आरटीओ ऑफिस के पास से धर दबोचा। जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की सुसंगत धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण की है। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में अपराधियों के बीच कड़ा संदेश गया है।















