
हाथरस 25 फरवरी । जनपद में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में थाना हाथरस गेट पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि निकालकर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि स्कूलों की छुट्टी के समय कुछ युवक मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त वाहनों से तेज आवाजें निकालकर छात्रों और आम राहगीरों को परेशान करते हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में टीम गठित कर सघन चेकिंग के निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में स्कूलों के आसपास चलाए गए इस विशेष चेकिंग अभियान के दौरान हाथरस गेट पुलिस ने 08 मोटरसाइकिलों को मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त पाया, जिन्हें तत्काल प्रभाव से एम.वी. एक्ट के अंतर्गत सीज कर दिया गया। पुलिस की इस कार्यवाही से हुड़दंगियों में हड़कंप मच गया है। कार्यवाही के साथ-साथ पुलिस टीम ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों और स्कूलों के पास अव्यवस्था फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे वाहनों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।













