Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 फरवरी । सादाबाद तहसील के कस्बा सहपऊ में एक मुस्लिम बुजुर्ग महिला के दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार रात करीब 1:15 बजे मोहल्ला पुराना थाना निवासी 85 वर्षीय अजीजन पत्नी जंगली खान का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। बुधवार सुबह जब परिजन उन्हें कब्रिस्तान में दफनाने पहुंचे, तो आसिफ अली और उनके परिवार ने कब्रिस्तान की जमीन को अपनी निजी संपत्ति बताते हुए कब्र खोदने से रोक दिया। इस बात पर दोनों पक्षों के बीच काफी विवाद हुआ। मृतक महिला के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोपहर बाद तक यह विवाद जारी रहा, जिससे कस्बे में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एसडीएम मनीष चौधरी ने इस मामले पर कहा कि कब्रिस्तान किसी की निजी जमीन नहीं होती। जहां पहले से दफन होते आए हैं, वहीं पर महिला को भी दफन किया जाएगा। सीओ अमित पाठक ने बताया कि कस्बे में तनाव जैसी कोई स्थिति नहीं है। किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जमीन संबंधी फैसला नगर पंचायत अथवा राजस्व विभाग द्वारा किया जाएगा, जबकि पुलिस का काम शांति व्यवस्था बनाए रखना है। मौके पर ईओ और नगर पंचायत के कर्मचारी भी मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page