
हाथरस 24 फरवरी । आज सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षा जनपद के आठ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कक्षा 10 की उर्दू और कक्षा 12 की अकाउंटेंसी विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसके लिए सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने के विशेष इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों और उनके अभिभावकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. जगदीश शर्मा के अनुसार कक्षा 10 उर्दू विषय में कुल 6 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। कक्षा 12 अकाउंटेंसी विषय में कुल 809 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 792 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। जनपद में परीक्षा का आयोजन बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज, राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर, दून पब्लिक स्कूल, द कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, आरपीएम पब्लिक स्कूल, ओएमबी इंटरनेशनल स्कूल तथा संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल में किया गया। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने प्रश्नपत्र को अपेक्षाकृत सरल बताया, जिससे छात्रों के चेहरों पर संतोष दिखाई दिया। प्रशासन और शिक्षा विभाग ने भी परीक्षा के शांतिपूर्ण आयोजन पर संतोष व्यक्त किया।












