Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 फरवरी । हाथरस जनपद के उद्यमियों के लिए विकास की एक नई राह खुल गई है। सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 499 एकड़ भूमि पर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) द्वारा एक अत्याधुनिक औद्योगिक हब विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की विशेष प्राथमिकता वाली इस परियोजना को मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग से आरसीसी की चौड़ी सड़कों के जरिए जोड़ा जा रहा है, जिससे माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स की सुविधा विश्वस्तरीय होगी। संशोधित नक्शे के अनुसार, यहाँ करीब 450 प्लॉट तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें सूक्ष्म से लेकर बड़े उद्योगों तक के लिए 450 वर्गमीटर से लेकर 20,000 वर्गमीटर तक के आकार उपलब्ध होंगे।

क्षेत्रीय प्रबंधक श्याम गोपाल के अनुसार, इस क्षेत्र में पेयजल, विद्युत आपूर्ति और ड्रेनेज जैसी सभी आधारभूत सुविधाएं अंतिम चरण में हैं और जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। माना जा रहा है कि 3,495 रुपये प्रति वर्गमीटर की संभावित दर से भूमि का आवंटन होगा। इस विकास से इन्वेस्टर्स समिट में एमओयू साइन करने वाले उन 136 से अधिक उद्यमियों का इंतजार खत्म होगा जो भूमि की उपलब्धता न होने के कारण निवेश नहीं कर पा रहे थे। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से न केवल हाथरस में निवेश का बड़ा माहौल बनेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों नए अवसर भी सृजित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page