
हाथरस 24 फरवरी । हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव छोंक में आज सुबह दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान लाठी-डंडे और पशुओं को बांधने वाली जंजीरें चलीं, जिसमें दोनों पक्षों के 6 से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। विवाद की शुरुआत तब हुई जब हाथरस के गांव ततारपुर निवासी मनोज स्कूली बच्चों को ई-रिक्शा में लेकर हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव फुलाई स्थित एक विद्यालय जा रहे थे। गांव छोंक से गुजरते समय एक ट्रैक्टर चालक ने ई-रिक्शा के आगे ट्रैक्टर लगा दिया, जिससे ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया। हालांकि, बच्चे बाल-बाल बच गए। ई-रिक्शा पलटने के बाद मनोज और ट्रैक्टर चालक के बीच कहासुनी हो गई। यह विवाद जल्द ही बढ़ गया, जब ट्रैक्टर चालक की ओर से गांव छोंक के लोग और ई-रिक्शा चालक मनोज की ओर से गांव ततारपुर के लोग तथा उनके परिवारजन मौके पर आ गए। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों और पशुओं को बांधने वाली जंजीरों से जमकर मारपीट हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। घायलों में देव प्रकाश, कमल और एक बच्ची नेहा शामिल हैं। दूसरे पक्ष से भगवान सिंह, विनीत और कृष्णा (निवासी छोंक, थाना हाथरस जंक्शन) घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है, जहां उनका डॉक्टरी परीक्षण कराया जा रहा है।












