Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 फरवरी । हाथरस के चंदपा के दनापुर नगला मोतीराय स्थित एक इंटर कॉलेज में मंगलवार को उप प्रधानाचार्य और एक युवती के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, तोड़फोड़ और अभद्रता का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। उप प्रधानाचार्य आरती शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने कार्यालय में काम कर रही थीं। इसी दौरान हाथरस कोतवाली के भूरापीर क्षेत्र की एक युवती और चंदपा थाना क्षेत्र के मीतई का एक युवक उनके कार्यालय में घुस आए। आरती शर्मा के अनुसार, आते ही दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने कार्यालय में तोड़फोड़ की, रजिस्टर फाड़ दिए और मारपीट भी की। सूचना मिलने पर प्रधानाचार्य भी स्कूल पहुंचे, जहां युवती ने उनसे भी अभद्रता की। आरती शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि युवती ने फोन करके 4-5 अज्ञात लोगों को बुला लिया, जिन्होंने मारपीट का प्रयास किया। स्कूल स्टाफ के हस्तक्षेप के बाद आरोपी जाते समय झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर चले गए। उप प्रधानाचार्य ने बताया कि घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है और ये लोग पहले भी स्कूल में उपद्रव कर चुके हैं।

वहीं, दूसरे पक्ष की युवती ने कोतवाली चंदपा में तहरीर देते हुए आरोप लगाया है कि विद्यालय प्रबंधन ने उससे करीब 5.5 लाख रुपये की किताबें खरीदी थीं। इसमें से लगभग 1.5 लाख रुपये का भुगतान हो चुका है, जबकि 4 लाख रुपये बकाया हैं। युवती के अनुसार, अगस्त में पूरे भुगतान का वादा किया गया था, लेकिन अभी तक पैसे नहीं दिए गए। युवती ने बताया कि वह बकाया भुगतान लेने के लिए ही विद्यालय आई थी। उसका आरोप है कि पैसे मांगने पर विद्यालय प्रबंधन ने उसके साथ अभद्रता और मारपीट की। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ सादाबाद अमित पाठक का कहना है कि मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page