Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 24 फरवरी । आगामी होली पर्व पर आम जनमानस को मिलावट रहित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘विशेष अभियान’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम संजय कुमार के नेतृत्व में चली इस छापेमारी से तहसील क्षेत्र के दुकानदारों और डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने भारी मात्रा में दूध और तेल सीज करते हुए नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

किराना स्टोर और ट्रेडर्स पर गिरी गाज

अभियान के दौरान एसडीएम और खाद्य सुरक्षा टीम ने रियाजुद्दीन किराना स्टोर का औचक निरीक्षण किया। यहाँ विक्रय हेतु रखे सरसों के तेल में मिलावट का संदेह होने पर नमूना लिया गया और लगभग 20 लीटर तेल सीज कर दिया गया। इसी प्रकार, साईराम ट्रेडर्स से भी सरसों के तेल का नमूना लेकर मौके पर मौजूद 55 किलो तेल को सीज कर दिया गया।

डेयरियों पर सघन चेकिंग, 15 क्विंटल दूध संदिग्ध

कासगंज रोड स्थित नरेश डेयरी पर छापेमारी के दौरान टीम को लगभग 1500 किलोग्राम (15 क्विंटल) दूध संग्रहित मिला। मिलावट की आशंका पर दूध का नमूना लिया गया और डेयरी संचालन में पाई गई कमियों पर सुधार नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा, बाबर डेयरी का निरीक्षण कर पनीर का नमूना जांच हेतु लिया गया।

प्रयोगशाला भेजे गए नमूने, जारी रहेगी कार्रवाई

सहायक आयुक्त खाद्य-2 रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि सभी एकत्रित नमूनों को राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह, पारुल सिंह और सुरेंद्र कुमार गौड़ शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page