
हाथरस 24 फरवरी । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता के बीच सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। सोमवार को आयोजित महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में स्थापित आधुनिक कंट्रोल रूम से जनपद के सभी 99 परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों और वेबकास्टिंग के जरिए पल-पल नजर रखी गई। सचल दलों (फ्लाइंग स्क्वायड) ने भी विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जिससे कहीं भी नकल या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। अधिकारियों के अनुसार, जनपद में परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो रही हैं।
आंकड़ों के अनुसार, आज प्रथम पाली में हाईस्कूल कृषि वनस्पति की परीक्षा में पंजीकृत 110 छात्रों में से एक छात्र अनुपस्थित रहे, जबकि इंटरमीडिएट के कृषि अर्थशास्त्र विषय में 69 छात्रों में से 66 छात्र अनुपस्थित पाए गए। वहीं, द्वितीय पाली में हाईस्कूल मानव विज्ञान की परीक्षा में एक छात्र पंजीकृत था, वह अनुपस्थित रहा। इंटर की अर्थशास्त्र परीक्षा में 2282 पंजीकृत छात्रों में से87 छात्र परीक्षा देने नहीं पहुंचे। प्रशासन की इस डिजिटल घेराबंदी और सख्त निगरानी के चलते केंद्रों पर पूर्ण अनुशासन देखने को मिला।












