
हाथरस 24 फरवरी । उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जनपद का प्रशासनिक अमला अब सड़क पर रहने वाले असहाय और अनाथ लोगों की मदद के लिए विशेष अभियान चलाएगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ ‘जिला स्तरीय रेस्क्यू टास्क फोर्स’ की बैठक कर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
कोई भी व्यक्ति नहीं रहेगा बेसहारा
जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि इस टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में सड़क पर मिलने वाले अनाथ, परित्यक्त या आपात स्थिति में फंसे व्यक्तियों का रेस्क्यू करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस, नगर विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और महिला कल्याण विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से कार्य करें, ताकि जनपद में कोई भी पुरुष, महिला या बच्चा बेसहारा न रहे।
सार्वजनिक स्थलों की होगी नियमित निगरानी
रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हर 15 दिन में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों का सघन निरीक्षण किया जाए। यदि कोई व्यक्ति आपात स्थिति में पाया जाता है, तो उसे तत्काल रेस्क्यू कर उचित सरकारी सहायता और पुनर्वास प्रदान किया जाए।
संयुक्त विभागीय कार्रवाई के निर्देश
डीएम ने श्रम विभाग और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू किए गए लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों की योजनाओं से जोड़ा जाए।
बैठक में रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), समस्त एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।












