Hamara Hathras

Latest News

सासनी 24 फरवरी । रजत समाज के मसीहा और महान समाज सुधारक संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती लुटसान में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी (दिवाकर) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद राजेश दिवाकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा संत गाडगे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण के साथ की गई। जयंती समारोह के दौरान गांव में संत गाडगे की नवनिर्मित प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इसके साथ ही पूर्व सांसद राजेश दिवाकर ने फीता काटकर संत गाडगे सभा स्थल का विधिवत उद्घाटन किया।

सभा को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष श्वेता दिवाकर ने कहा कि संत गाडगे ने अपना पूरा जीवन गरीबों की सेवा, छुआछूत के विरोध और स्वच्छता के प्रसार में समर्पित कर दिया। उन्होंने विशेष रूप से रजत समाज की महिलाओं से अपील करते हुए कहा, “अपने बच्चों को शिक्षित बनाएं और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।” पूर्व सांसद राजेश दिवाकर ने कहा कि संत गाडगे ने सत्य के मार्ग पर चलकर समाज में अपना विशिष्ट स्थान बनाया। आज के समय में हर व्यक्ति को उनके आदर्शों को अपनाकर अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाबी लाल दिवाकर ने की तथा संचालन सुरेश चंद्र भारती द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से रामनारायण काके, अतर सिंह वर्मा, श्यौराज सिंह, ठाकुरदास, सत्यपाल, राम खिलाड़ी, अशोक कुमार, रमेश चंद्र, गिरीश कुमार, सतीश चंद्र, मुकेश चंद्र, बलवीर सहित रजत समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page