
हाथरस 24 फरवरी । मधुगढ़ी क्षेत्र स्थित निजाम होटल में भोजन की अशुद्धता से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आज विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की। संगठन ने इस कृत्य को जन-स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ और एक विशेष ‘जिहादी मानसिकता’ का परिचायक बताते हुए प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की है। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विभाग संगठन मंत्री उमाकांत और जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना ने कहा कि वायरल वीडियो में एक कर्मचारी द्वारा भोजन को जानबूझकर अशुद्ध करते हुए परोसने का दृश्य दिखाई दे रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जाँच में यह प्रमाणित होता है, तो यह खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन ही नहीं, बल्कि आमजन की आस्था और स्वास्थ्य पर सीधा प्रहार है।
संगठन ने जिला प्रशासन से प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जाँच सुनिश्चित करने, दोषियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम और आईपीसी की सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई करने, होटल प्रबंधन की संलिप्तता पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी विधिक कदम उठाने और क्षेत्र के अन्य होटलों और ढाबों की भी औचक जाँच कराने की मांग की है। होटल प्रबंधन द्वारा लगाए गए ₹1 लाख की मांग के आरोपों को संगठन ने पूरी तरह खारिज कर दिया। पदाधिकारियों ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि ऐसे कोई सबूत हैं, तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि जो लोग ऐसी अशुद्धता का समर्थन कर रहे हैं, वे स्वयं वैसा ही भोजन करें। साथ ही, संगठन ने ऐसी मानसिकता वाले संस्थानों के ‘आर्थिक बहिष्कार’ की अपील भी की। इस प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से जिला संगठन मंत्री देवराज, जिला उपाध्यक्ष कैलाश कूलवाल, गोपाल कृष्ण शर्मा, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, सहमंत्री अमरदीप, विभाग संयोजक बजरंग दल हर्षित गौड़, जिला संयोजक अनमोल अग्निहोत्री, तरुण शर्मा, शिवम शर्मा, विजय गुप्ता, लक्ष्मण दीक्षित और राम यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।















