
हाथरस 24 फरवरी । भारत सरकार की ‘अटल वयो अभ्युदय योजना’ (AVYAY) के अंतर्गत जनपद के बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सामाजिक सम्मान दिलाने के लिए जिला समाज कल्याण विभाग ने विशेष पहल शुरू की है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सरिता ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘वरिष्ठ नागरिकों हेतु राज्य कार्य योजना’ (SAPSrC) के तहत जनपद में 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए नि:शुल्क मोतियाबिंद सर्जरी और वृहद स्वास्थ्य व चिकित्सा शिविरों का आयोजन प्रस्तावित है।
नि:शुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा
प्रस्तावित शिविरों के माध्यम से न्यूनतम 50 पात्र वरिष्ठ नागरिकों की नि:शुल्क मोतियाबिंद सर्जरी की जाएगी। इसके अतिरिक्त वृद्धावस्था जनित रोगों की जांच, डिमेंशिया स्क्रीनिंग, बीपी, शुगर, अर्थराइटिस और कैल्शियम की जांच के साथ-साथ आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया जाएगा। सर्जरी के बाद मरीजों का फॉलो-अप भी विभाग द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा।
पीढ़ियों के बीच की दूरी कम करने के प्रयास
योजना के दूसरे चरण में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान बढ़ाने और अंतर-पीढ़ीगत जुड़ाव (Intergenerational Bonding) के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और उत्पादक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य समाज में बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और युवाओं व बुजुर्गों के बीच की दूरी को कम करना है।
इच्छुक संस्थाएं 27 फरवरी तक करें संपर्क
इन कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु सक्षम एवं अनुभवी स्वयंसेवी संस्थाएं (NGOs), चिकित्सा सेवा प्रदाता और पात्र संगठन अपना प्रस्ताव दे सकते हैं। इच्छुक संस्थाएं विस्तृत जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में विकास भवन स्थित कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, कक्ष संख्या 105 में संपर्क स्थापित कर सकती हैं।












