Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 फरवरी । राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैया का यूजीसी बिल और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को भी जारी रहा। कंचन नगर स्थित अपने निवास के बाहर धरने पर बैठे धवरैया ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए स्पष्ट किया कि वे किसी भी दबाव में अपना आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। धरने के दौरान मीडिया से बात करते हुए पंकज धवरैया ने आरोप लगाया कि शासन और प्रशासन उनके आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज किया गया हालिया मुकदमा इसी साजिश का हिस्सा है। जिस ऑडियो को आधार बनाकर पुलिस ने कार्यवाही की है, उसे धवरैया ने पूरी तरह ‘AI जेनरेटेड’ (कृत्रिम मेधा द्वारा निर्मित) और फर्जी करार दिया। उनका दावा है कि उनकी आवाज की नकल कर उन्हें फंसाने की कोशिश की गई है।

‘झुकेंगे नहीं, सवर्णों के हक की लड़ाई लड़ेंगे’

पंकज धवरैया ने कड़े शब्दों में कहा कि प्रशासन चाहे जितने भी फर्जी मुकदमे दर्ज करा ले, वे सवर्ण समाज के अधिकारों की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने चुनौतीपूर्ण लहजे में कहा, “मैं चाहता हूँ कि प्रशासन मुझ पर और भी फर्जी मुकदमे लगवाए, क्योंकि जनता अब इनकी सच्चाई जान चुकी है। सच को दबाया नहीं जा सकता।” धवरैया का यह विरोध मुख्य रूप से यूजीसी बिल में बदलाव और एससी-एसटी एक्ट के वर्तमान स्वरूप के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक सवर्ण समाज के हितों की रक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती। धरने पर उनके समर्थकों का भी आना-जाना लगा रहा, जबकि पुलिस और प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page