
हाथरस 23 फरवरी । थाना चंदपा के आगरा रोड स्थित अग्रवाल सेवा सदन फार्म हाउस में खुजली और जलन पैदा करने वाले केमिकल व पाउडर डालकर शातिर चोरों ने शादी समारोह से नगदी और आभूषणों से भरा बैग चोरी कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के आगरा रोड स्थित अग्रवाल सेवा सदन फार्म हाउस में शनिवार की रात गांव गढ़ी परती बनारसी निवासी शिक्षक सुनील परमार की बेटी गरिमा की शादी थी। परिवार विवाह की रस्मों में व्यस्त था। देर रात करीब दो बजे गैलरी में महिलाएं वरमाला के लिए स्टेज पर जाने की तैयारी कर रही थीं। तभी दुल्हन गरिमा की बुआ अनीता के हाथ पर स्प्रे और पाउडर किसी ने डाल दिया।
इसे खुजली होने लगी। यह पाउडर अन्य महिलाओं पर जा गिरा। बुआ हाथ पौछ रही थी। इसके चलते बैग कुर्सी पर रख दिया। इस दौरान काला पेंट व सफेद शर्ट पहने करीब नौ वर्ष का बालक आया। वह आसपास घूमता हुआ कुर्सी के पास रखा बैग उठाकर ले गया। बैग में दो सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के कान के कुंडल, तीन जोड़ी चांदी की पायल, छह जोड़ी चांदी की बीछिया, एक मोबाइल और और 2,75,500 रुपये थे। बैग चोरी करने वाला बच्चा और अन्य संदिग्ध लोग सीसीटीवी में कैद हो गए। पुलिस ने छानबीन कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अासपास के गांवों से लेकर इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया। पुलिस कुछ सुराग हासिल हुए है। फिलहाल पुलिस बैग चोरी के प्रयास के खुलासे में लगी हुई है। सीओ सादाबाद अमित पाठक का कहना है कि अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस की टीमे लगा दी है, जल्द ही इस मामले में खुलासा किया जाएगा।











