Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 फरवरी । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता के बीच सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। सोमवार को आयोजित महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में स्थापित आधुनिक कंट्रोल रूम से जनपद के सभी 99 परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों और वेबकास्टिंग के जरिए पल-पल नजर रखी गई। सचल दलों (फ्लाइंग स्क्वायड) ने भी विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जिससे कहीं भी नकल या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। अधिकारियों के अनुसार, जनपद में परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो रही हैं।

आंकड़ों के अनुसार, आज परीक्षाओं में कुल 2,426 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा में पंजीकृत 20,338 छात्रों में से 1,385 अनुपस्थित रहे, जबकि इंटरमीडिएट के विभिन्न ट्रेड विषयों में 373 छात्रों में से 5 छात्र अनुपस्थित पाए गए। वहीं, द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की गणित की परीक्षा में 5,967 छात्रों में से 323 और जीव विज्ञान की परीक्षा में 9,631 पंजीकृत छात्रों में से 713 छात्र परीक्षा देने नहीं पहुंचे। प्रशासन की इस डिजिटल घेराबंदी और सख्त निगरानी के चलते केंद्रों पर पूर्ण अनुशासन देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page