सादाबाद 23 फरवरी । राजकीय महाविद्यालय कुरसंडा में सोमवार को दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह संपन्न हो गया। 23 फरवरी को आयोजित इस समारोह में अनु और रोहित ने चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। समारोह की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. मृदुला गौतम एवं प्रो. सत्यप्रिया बंसल ने की, जबकि क्रीड़ा प्रभारी डॉ. शैलेंद्र सिंह कुशवाहा के निर्देशन में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आयोजन समिति में डॉ. डी.के. गौतम, डॉ. नरेंद्र सिंह और डॉ. राधा शर्मा की सक्रिय भूमिका रही।
समापन सत्र में ग्राम कुरसंडा के रूपेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इंटर कॉलेज कुरसंडा के प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि थे। कार्यक्रम का समापन ध्वज अवतरण के साथ हुआ, जिसमें विजेता चैंपियंस ने क्रीड़ा ध्वज अगले वर्ष के लिए क्रीड़ा प्रभारी को सौंपा। प्रतियोगिता के दूसरे दिन छात्र-छात्रा वर्ग में लंबी कूद, ऊंची कूद, 400 मीटर एवं 5000 मीटर दौड़ जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्रा वर्ग में अनु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ तथा गोला प्रक्षेपण में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने चक्का प्रक्षेपण में द्वितीय और लंबी कूद में तृतीय स्थान भी हासिल किया, जिससे उन्हें चैंपियनशिप का खिताब मिला। छात्र वर्ग में रोहित ने 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने भाला प्रक्षेपण और लंबी कूद में द्वितीय स्थान हासिल किया।











