
हाथरस 23 फरवरी । शहर में आज श्री खाटू श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में बाबा श्याम की भव्य निशान एवं शोभायात्रा पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। सादाबाद गेट स्थित अंगूमल धर्मशाला से शुरू हुई इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्याम भक्त हाथों में रंग-बिरंगे निशान (ध्वज) लेकर ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारे लगाते हुए चले। शोभायात्रा शहर के मुख्य बाजारों से होकर गुजरी, जहाँ भक्तों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। बाबा श्याम का डोला फाल्गुन के उत्सव की तरह रंग-बिरंगी छटा बिखेर रहा था। यात्रा में शामिल विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिन्हें देखने के लिए सड़कों पर भीड़ उमड़ पड़ी। कलाकार भजनों पर नृत्य और कीर्तन करते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण श्याममय हो गया। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में सम्मिलित होकर भजनों पर झूमते हुए बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। शहर के प्रमुख चौराहों और स्थानों पर स्थानीय निवासियों व व्यापारियों द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। वहीं सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर भी शोभायात्रा में शामिल होने पहुंची, जहां कमेटी ने जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर बाबा की आरती उतारी गई और भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। सड़कों पर भीड़ के चलते कुछ समय के लिए यातायात जाम की स्थिति भी बनी। शोभायात्रा में चार डीजे साउंड, एक बैंड और पांच झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
कल सजेगा हेमंत ब्रजवासी के भजनों का दरबार
महोत्सव के दूसरे दिन कल 24 फरवरी को अलीगढ़ रोड स्थित रामोजी रिज़ॉर्ट में शाम 7:00 बजे से एक विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस संध्या का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध भजन गायक हेमंत ब्रजवासी होंगे, जो अपनी मधुर आवाज से बाबा के भजनों की गंगा बहाएंगे। कार्यक्रम के दौरान दिव्य ज्योति प्रज्ज्वलन एवं भव्य महाआरती, 56 भोग के अलौकिक दर्शन एवं इत्र वर्षा एवं फूलों की होली होगी। समिति ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर बाबा के इस अलौकिक दरबार का आनंद लेने की अपील की है।
शोभा यात्रा में मनीष मित्तल, आलोक गुप्ता, सुनील बंसल, हर्ष मित्तल, बृजेश गोयल, विकास गर्ग, दिनेश सिंघल, दीपक अग्रवाल, चंद्रपाल शर्मा, सौरभ सिंघल, शुभम अग्रवाल, शिवांग बागला, बृज बिहारी अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल, आशीष गौड़ समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
देखें तस्वीरें












