Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 फरवरी । स्थानीय सेठ फूलचंद बागला कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय इकाई के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में तृतीय एक दिवसीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में स्वयंसेवकों को सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और NSS की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) महावीर सिंह छोंकर ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामूहिक भावना और सामाजिक जागरूकता विकसित करने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अनुशासन का पालन कर विद्यार्थी न केवल अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकते हैं, बल्कि उच्च संस्कारों के माध्यम से जीवन में सफलता और गुणवत्तापूर्ण जीवन प्राप्त कर सकते हैं।

दयानतपुर में लगेगा सात दिवसीय विशेष शिविर

प्रथम इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनय कुमार वर्मा ने स्वयंसेवकों को NSS पोर्टल पर पंजीकरण की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने घोषणा की कि महाविद्यालय का आगामी सात दिवसीय विशेष शिविर 18 मार्च से 24 मार्च 2026 तक ग्राम दयानतपुर में आयोजित किया जाएगा। द्वितीय इकाई के कार्यक्रम अधिकारी श्री ऋषि कांत ने स्वयंसेवकों को भविष्य के लिए मार्गदर्शन देते हुए अनुशासन के महत्व को समझाया।

युवा संसद और सामाजिक जागरूकता

तृतीय इकाई की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता ने मंच का कुशल संचालन किया और सामाजिक जागरूकता से जुड़े प्रश्न-उत्तर सत्र के माध्यम से स्वयंसेवकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में उपस्थित जिला यूथ ऑफिसर ने स्वयंसेवकों के साथ ‘यूथ पार्लियामेंट’ (युवा संसद) के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की और उन्हें इसमें सहभागिता के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पूजा सारस्वत, कपिल, विवेक, देवांशी, दामिनी पांडे, नेहा वार्ष्णेय, कुमकुम, सचिन यादव, पलक वर्मा और नेहा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। द्वितीय वर्ष के स्वयंसेवकों ने नए छात्रों को NSS के उद्देश्यों और समाज के प्रति उनके कर्तव्यों के बारे में विस्तार से बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page