
हाथरस 23 फरवरी । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद में अपराधियों और अवैध शराब तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना हाथरस गेट पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। आज 23 फरवरी को अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दादनपुर रेल पटरी के पास से एक अभियुक्त को दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान रमेशचन्द्र पुत्र भूदेव प्रसाद, निवासी नयाबास, थाना हाथरस गेट के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 20 क्वार्टर अवैध देशी शराब बरामद की गई। प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना हाथरस गेट पर मु0अ0सं0 72/26 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए इस प्रकार की छापेमारी और सघन चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे।















