
हाथरस 22 फरवरी । नगर के व्यस्ततम इलाके सासनी गेट स्थित चेतन कॉम्प्लेक्स में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब इसकी पहली मंजिल पर स्थित एक मेडिकल एजेंसी में अचानक आग लग गई।मिली जानकारी के अनुसार, आग ‘शिवांगी एजेंसी’ नामक मेडिकल स्टोर में लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और काले धुएं के गुबार से पूरा कॉम्प्लेक्स भर गया। घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर दमकल की कई गाड़ियाँ पहुँचीं। भारी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और इसे आसपास की अन्य दुकानों में फैलने से रोका। कॉम्प्लेक्स के बीचों-बीच आग लगने की खबर मिलते ही अन्य दुकानदार और व्यापारी घबरा गए और अपनी दुकानों को बचाने के लिए मौके पर जमा हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मेडिकल स्टोर में रखी दवाइयां और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।
















