
हाथरस 22 फरवरी । आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अंतर्गत हतीसा पुल पर आलू के मजदूरों से भरे एक लोडर टेंपो और गैस टैंकर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार सहित करीब 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
35 मजदूरों से भरा था टेंपो, बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, चंदपा क्षेत्र के एक गांव से आलू की खुदाई का काम खत्म कर करीब 30 से 35 मजदूर लोडर टेंपो (छोटा हाथी) में सवार होकर वापस अपने गांव नगला भूरा लौट रहे थे। जैसे ही टेंपो हतीसा पुल से नीचे उतर रहा था, तभी सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार गैस टैंकर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी।
हायर सेंटर रेफर किए गए घायल
क्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो में सवार मजदूर और बाइक सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया है। सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुँच गए, जहाँ कोहराम मचा हुआ है।















