Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 फरवरी । चंदपा कोतवाली क्षेत्र के आगरा रोड स्थित अग्रवाल सेवा सदन में चल रही एक शादी की खुशियां उस वक्त काफूर हो गई, जब शातिर चोरों ने जेवरात और नगदी से भरा बैग पार कर दिया। चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए ‘स्प्रे’ का सहारा लिया, जिससे पीड़ित परिवार की महिला के शरीर में तेज खुजली होने लगी और इसी का फायदा उठाकर एक छोटा बच्चा बैग लेकर रफूचक्कर हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बारात के स्वागत के दौरान हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, चंदपा के गांव गढ़ी परती निवासी सुनील परमार की बेटी गरिमा की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। आगरा से बारात आई हुई थी और सभी लोग रस्मों में व्यस्त थे। तभी चोरों ने सुनील परमार की बहन के ऊपर कोई नशीला या खुजली वाला स्प्रे छिड़क दिया। शरीर में अचानक तेज खुजली होने के कारण उनका ध्यान भटक गया। इसी बीच भीड़ में शामिल एक छोटा बच्चा उनके पास रखा बैग उठाकर भाग निकला।

लाखों का नुकसान, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए बैग में तीन सोने की अंगूठियां, तीन जोड़ी पाजेब, चांदी के बिछुए, सोने के कुंडल, एक सैमसंग मोबाइल और करीब 3 लाख रुपये की नगदी मौजूद थी। सूचना पर पहुँची चंदपा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें बच्चा बैग ले जाते हुए साफ दिख रहा है। कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page