सादाबाद 22 फरवरी । सादाबाद, सहपऊ में रविवार को एसडीएम और खंड शिक्षा अधिकारी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए विभिन्न बूथों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश बीएलओ उपस्थित पाए गए और कार्य संतोषजनक मिला, लेकिन कुछ बूथों पर बीएलओ अनुपस्थित मिले।
विशेष अभियान दिवस पर अनुपस्थित पाए गए बीएलओ में भाग संख्या 384 के हीरेंन्द्र सिंह, भाग संख्या 361 के लक्ष्मण सिंह, भाग संख्या 368 के सतीश चंद्र, भाग संख्या 369 के दीपक गर्ग, भाग संख्या 370 की माधवी रानी, भाग संख्या 371 के जितेंद्र मोहन, भाग संख्या 372 के अशोक चंद्र शर्मा और भाग संख्या 373 की शिवा शर्मा शामिल हैं। ये सभी अपने-अपने बूथों से नदारद थे। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा और विधानसभा की मतदाता सूची के शुद्धिकरण हेतु विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। इस अभियान के तहत मतदाताओं की मैपिंग 2003 की मतदाता सूची से उनके या उनके माता-पिता के नाम से की जा रही है। साथ ही, मतदाताओं के नाम, आयु आदि में तार्किक विसंगतियों को दूर करने और नए मतदाताओं के लिए फॉर्म 6 भरने का कार्य भी जारी है। एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि एसआईआर कार्य में लगे जो बीएलओ अपने बूथों पर अनुपस्थित पाए गए हैं। उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी और एक दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई भी की जा सकती है।















