
हाथरस 22 फरवरी । चंदपा क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए चंदपा थाने में तहरीर दी है। पीड़ित के अनुसार, उसकी 16 वर्षीय बेटी को हाथरस निवासी एक युवक बुधवार को अपने साथ ले गया। तहरीर में बताया गया है कि पीड़ित की बेटी अपने गांव से चंदपा बाजार कुछ सामान लेने गई थी। वहीं, आरोपी युवक अपनी बहन के साथ आया और लड़की को बातों में लगाकर अपने साथ ले गया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक पहले उनके घर आता-जाता था, लेकिन उसकी ‘बुरी नीयत’ को देखते हुए परिवार ने उससे मिलना-जुलना बंद कर दिया था। घटना तीन दिन पहले सुबह करीब 10 बजे की है। इस मामले में चंदपा कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह ने जानकारी दी कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही लड़की और आरोपी युवक को बरामद कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















