
हाथरस 22 फरवरी । राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैया के खिलाफ हाथरस कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एक कथित ऑडियो क्लिप के आधार पर की गई है। उन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कथित ऑडियो क्लिप में सरकारी गनर और सुरक्षा प्राप्त करने के लिए धरना देने की बात कहते सुना जा रहा है। पंकज धवरैया यूजीसी बिल और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में पिछले 16 दिनों से अपने निवास के बाहर कंचन नगर में धरने पर बैठे हैं। उन्होंने पहले पदयात्रा का ऐलान किया था, लेकिन प्रशासन ने शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए इसकी अनुमति नहीं दी थी। हाल ही में एक ऑडियो क्लिप सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर पंकज धवरैया अपने संगठन के एक पदाधिकारी से बातचीत कर रहे हैं। इस बातचीत में उन्हें यह कहते हुए सुना जा रहा है कि उनका धरना सरकारी गनर और सिक्योरिटी प्राप्त करने के लिए है। इस मामले पर पंकज का कहना है कि भाजपा सरकार और प्रशासन उनके धरने को समाप्त करने की साजिश रच रहा है। यह ऑडियो इसी साजिश के तहत एआई द्वारा जनरेट कर वायरल किया गया है। उनका कहना है कि उनका धरना जारी रहेगा। वहीँ एसआई अरविंद कुमार ने इस ऑडियो क्लिप के आधार पर पंकज धवरैया और आरएसपी हाथरस जिलाध्यक्ष गौरव के खिलाफ कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमे में एक सोशल मीडिया हैंडल (@drpandeyanil) का भी जिक्र है, जिसने @myogiadityanath, @Uppolice, @hathraspolice को टैग करते हुए लिखा था कि यह ऑडियो क्लिप दिखाती है कि कैसे यूजीसी आंदोलन की आड़ में आक्रोश और अराजकता फैलाई जा रही है। इसमें पंकज धवरैया पर वसूली के लिए सुरक्षाकर्मी मांगने और आंदोलन को महज एक बहाना बताने का आरोप है। इस प्रकार की गतिविधियों से तनावपूर्ण माहौल उत्पन्न हो गया है। मुकदमे में इस ऑडियो का जिक्र किया गया है।















